Friday, February 13, 2026

              CG: भालुओं ने 13 साल की बच्ची पर किया हमला.. सिर के पिछले हिस्से को नोंचा, पिता के साथ लकड़ी लाने के लिए गई थी नाबालिग

              धमतरी: जिले अरसीकन्हार रेंज के ठोठाझरिया में 2 नर भालुओं ने एक नाबालिग लड़की पर हमला कर दिया। 13 साल की कुमारी कंचन अपने पिता के साथ जंगल में लकड़ी लाने के लिए गई थी। भालुओं ने उसके सिर के मांस को नोच लिया है। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए नगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सीतानदी उदंती टाइगर रिर्जव के अरसीकन्हार रेंज के ठोठाझरिया का है।

              जानकारी के मुताबिक, ग्राम टोटाझरिया की रहने वाली कंचन अपने पिता मुरली के साथ मंगलवार को गांव से लगे जंगल में लकड़ी लाने के लिए गई थी। इसी बीच अचानक दो नर मादा भालुओं ने कंचन के ऊपर हमला कर दिया। लड़की ने अपने पिता को जोर-जोर से आवाज लगाई। बेटी की आवाज सुनकर तुरंत पिता दौड़ता हुआ आया, लेकिन तब तक दोनों भालुओं ने कंचन को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

              नाबालिग के परिजन अस्पताल में।

              भालुओं ने लड़की के सिर के पिछले हिस्से से बाल को उखाड़कर मांस नोंच लिया था। लड़की गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरी में चल रहा है। इधर घटना की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और अग्रिम सहायता के रूप में पिता को 5 हजार रुपए दिए।

              भालू ने किया बच्ची पर हमला।

              भालू ने किया बच्ची पर हमला।

              पेंड्रा में भी 2 भालुओं ने 3 नाबालिगों पर किया था हमला

              करीब 15 दिन पहले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में भालुओं ने 3 नाबालिगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामला मरवाही वनमंडल के सचराटोला बीट एरिया का था। तीनों घायल उमेश सिंह (11 वर्ष), शिवराज (14 वर्ष) और परसराम प्रजापति (17 वर्ष) को मरवाही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

              जानकारी के मुताबिक, 11 साल का उमेश और 14 साल का शिवराज और परसराम प्रजापति के साथ कुम्हारी डैम में सोमवार को नहाने के लिए गए हुए थे। वहां से तीनों जब नहाकर लौट रहे थे, तब दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। भालू तीनों के शरीर को नोचने लगे। इधर कुछ ग्रामीण भी आसपास ही थे। बच्चों के शोर को सुनकर वे मौके पर पहुंचे। भालू के जोड़े को देखकर उन्होंने बाकी लोगों को भी आवाज दी। इधर लोगों को आता देखकर दोनों भालू जंगल में चले गए।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories