CG: युवक को ट्रक ने कुचला.. सड़क किनारे खड़े होकर दोस्त का कर रहा था इंतजार; घटनास्थल पर ही मौत

            Balod: बालोद शहर में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। संजय गावड़े (45 वर्ष) नाम का शख्स सड़क किनारे अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था। तभी दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है।

            जानकारी के मुताबिक, संजय पेट्रोल पंप के पास अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर अपने साथी का इंतजार कर रहा था, लेकिन ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया। नया बस स्टैंड और घटनास्थल के आसपास खड़े लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बालोद थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल संजय को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत व्यक्ति गंगा मैय्या किराया भंडार में काम करता था।

            संजय गावड़े देवरतराई का रहने वाला था। ट्रक ड्राइवर अपने वाहन के साथ फरार हो गया था, जिसे पेट्रोलिंग टीम ने गुंडरदेही से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के घरवालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को करवाकर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। घटनास्थल से शख्स की बाइक को पुलिस ने बरामद किया है। बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भीषण था।


                          Hot this week

                          रायपुर : सचिव भीम सिंह ने नारायणपुर के कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर का किया निरीक्षण

                          महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने...

                          Related Articles

                          Popular Categories