Chhattisgarh : तालाब में नहाने गया युवक डूबा, कपड़े और चप्पल देखकर लोगों ने पुलिस को दी जानकारी, SDRF ने खोजा शव

        बस्तर: जिले में तालाब में डूबकर एक युवक की मौत हो गई है। युवक किसी काम से नगरनार गया हुआ था। वहां तेज गर्मी से राहत पाने के लिए वह दोपहर में नहाने के लिए तालाब में उतरा। यहां गहरे पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। अब SDRF की टीम ने युवक का शव निकाल लिया है। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।

        जानकारी के मुताबिक, मृत युवक का नाम बलराम बघेल (35) है, जो जगदलपुर के रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड का निवासी था। वो किसी काम से शनिवार को नगरनार गांव गया हुआ था। तेज धूप और गर्मी की वजह से परेशान युवक दोपहर में नहाने के लिए गांव के ही तालाब में चला गया था। उसने अपने कपड़े और चप्पल तालाब के किनारे रख दिए।

        पानी में डूबकर मौत

        नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से युवक डूब गया। शाम को इलाके के कुछ ग्रामीण तालाब में नहाने के लिए गए हुए थे, जिन्होंने युवक के कपड़े और चप्पल देखी। उन्हें आशंका हुई कि कोई व्यक्ति तालाब में नहाने के लिए उतरा है और डूब गया है। संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।

        SDRF ने खोजा शव

        पुलिस ने SDRF की टीम को बुलाया। इसके बाद कई घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद रविवार को SDRF की टीम ने शव को ढूंढ निकाला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories