कोरबा: जिले के रिसदी की रहने वाली अंजू यादव की हत्या कर प्रेमी ने लाश को जंगल में दफना दिया था। बुधवार को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में लाश को 20 फीट गड्डा खोदकर निकाला गया। युवती पिछले 8 महीनों से लापता थी। पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट रामपुर चौकी में दर्ज थी। आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाली बात करते हुए ये भी कहा कि उसे उसकी प्रेमिका का भूत परेशान करता था।
जानकारी के मुताबिक, युवती अंजू यादव (24 वर्ष) 8 महीने पहले अपने घर से निकली थी, लेकिन तब से वापस नहीं लौटी। उसकी मां रमशीला यादव ने जुलाई 2022 में रामपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी पिछले 8 महीनों से लापता है। मां ने ढेलवाडीह के रहने वाले गोपाल खड़िया (25 वर्ष) पर शक जताया था, लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी रही। परिवार बार-बार बेटी को ढूंढने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस बस जांच करने का आश्वासन देती रही। जब इतने महीनों तक बेटी का कुछ पता नहीं चला, तब परिजनों ने एसपी से भी बेटी के गुमशुदा होने की शिकायत की। एसपी के निर्देश पर पुलिस एक्टिव हुई।

गड्ढा खोदकर निकलवाया गया शव।
पुलिस ने आरोपी गोपाल खड़िया को मंगलवार को हिरासत में ले लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वो ईंट भट्ठे में ट्रैक्टर ड्राइवर है और युवती अंजू यादव भी वहां ईंट लोड करने का काम करती थी। दोनों के बीच वहीं मुलाकात हुई और कुछ दिनों की मुलाकात प्यार में बदल गई। उनका अफेयर करीब 3 साल चला। इसके बाद युवती उस पर शादी का दबाव बनाने लगी। जिससे वो परेशान हो गया। 8 महीने पहले वो उसे लेकर बिलासपुर स्थित अपने जीजा के घर चला गया। बहन और जीजा ने उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। इसके बाद वो युवती को लेकर ढेलवाडीह अपने गांव आ गया।

गड्ढा खोदता हुआ मजदूर।
कुछ दिन दोनों वहां रहे, लेकिन इस बीच शादी की बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे। 6 महीने पहले उसका शादी की बात को लेकर खूब झगड़ा हुआ। तब उसने कहा कि वो उसे उसके गांव रिसदी छोड़ आता है। वो युवती को बहाने से ढेलवाडीह के सागौन की नर्सरी में ले गया। वहां उसने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी और नर्सरी में लाश को गाड़ दिया। आरोपी ने 20 फीट की गहराई में लाश को गाड़ा। जंगल में पहले से खुदाई की हुई थी, उसे गड्ढे को थोड़ा सा और गहरा करके शव को दफनाया गया। ये क्षेत्र मानिकपुर चौकी अंतर्गत आता है।

जेसीबी से खोदा गया गड्ढा।
अब आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में मृतका के कंकाल को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर निकाला गया। मौके पर रामपुर और मानिकपुर चौकी पुलिस मौजूद रही। थाना क्षेत्र सिटी कोतवाली है। मौके पर कोरबा तहसीलदार लकेश्वर सिदार भी मौजूद थे। युवती के कंकाल को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। वहीं जैसे ही मृतका की मां ने बेटी का कंकाल देखा, वो फूट-फूटकर घटनास्थल पर ही रोने लगी। अन्य परिजनों ने उसे संभाला। आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसे प्रेमिका अंजू यादव का भूत परेशान करता था। वो अक्सर रात में आती थी और उसे तंग करती थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी गोपाल खड़िया।
युवक की हत्या करके जमीन में गाड़ दिया शव
गरियाबंद जिले में भी 200 रुपए मांगने पर 7 दोस्तों ने ही मिलकर अपने दोस्त का पहले अपहरण किया और बाद में चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामला देवभोग थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 6 जनवरी की रात से उरमाल का बाइक मैकेनिक वाहिद अली (26 वर्ष) अपनी दुकान को छोड़कर लापता हो गया था। उसका छोटा भाई शामिद अली जब दुकान पहुंचा, तो उसने देखा कि दुकान खुली हुई है और सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा है। पहले तो उसे लगा कि भाई यहीं आसपास कहीं होगा, लेकिन जब वो वापस नहीं लौटा, तो उसने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

गरियाबंद में गड्ढा खोदकर युवक का शव निकालते हुए कर्मचारी।
7 जनवरी को देवभोग थाने में परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया। वाहिद का उसके दोस्तों के साथ पैसे को लेकर झगड़ा हुआ था, इसलिए परिजनों को उसके दोस्तों पर कुछ गलत कर देने की आशंका थी। SDOP अनुज गुप्ता ने संदिग्ध दोस्तों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि 9 जनवरी की सुबह एक बार फिर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि हत्या कर उन्होंने वाहिद की लाश को दफना दिया था। उनकी निशानदेही पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर खून से लथपथ लाश निकलवाई गई।
कांकेर में भी कब्र खोदकर निकाला शव
2 महीने पहले कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में भी महिला का शव कब्र खोदकर निकलवाया गया था। दरअसल शव दफनाने को लेकर यहां जमकर हंगामा हुआ था। धर्म परिवर्तन कर चुकी महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने उसे दफना दिया। इधर, जब लोगों को इस बात का पता चला तब जमकर विरोध हुआ। उसके बाद महिला के शव को खोदकर बाहर निकाला गया था। आमाबेड़ा के कुरूटोला की रहने वाली चैतिबाई की मंगलवार को मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि चैतिबाई गोंड समाज की महिला थी। मगर 8 साल पहले उसने धर्म परिवर्तन कर लिया था और पिछले 8 साल से वह ईसाई धर्म के अनुसार ही रह रही थी।
आपत्तिजनक हालत में देखकर की हत्या, फिर आंगन में दफनाया
4 महीने पहले रायगढ़ जिले में भी प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर घर के आंगन में शव को दफना दिया था। बाद में गड्ढा खोदकर शव को पुलिस ने निकलवाया। पुलिस ने इस मामले में मृतका कांति यादव के प्रेमी अजय उर्फ खगेश्वर यादव को जशपुर जिले के कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया था कि उसकी प्रेमिका उसे धोखा दे रही थी और उसका किसी और के साथ भी अवैध संबंध था।
इस हत्या के पीछे की वजह बताई जा रही है कि उसकी प्रेमिका कांति यादव (45 वर्ष) की किसी और युवक से भी संबंध थे। आरोपी खगेश्वर यादव ने कहा कि उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। वो कांति यादव से बहुत प्यार करता था और उसके लिए अपनी पत्नी और दो बच्चों को भी छोड़ चुका था, लेकिन कांति ने उसके साथ बेवफाई की थी।



