त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत 78.98 प्रतिशत हुआ मतदान
कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत रिक्त पदों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली तथा उन्होंने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग किया। उप निर्वाचन के अंतर्गत जिले में नगरीय क्षेत्र में पार्षद के 1 पद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच के 1, पंच के 6 एवं जनपद सदस्य के 3 पदों सहित कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया।

नगरीय निकाय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद हेतु मतदान सम्पन्न हुआ। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत करतला विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 15 तथा पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 के लिए मतदान कराया गया। इसी प्रकार करतला विकासखण्ड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंच पदों के लिए कोरबा विकासखण्ड के ग्राम अखरापाली (वार्ड क्रमांक 9) एवं रजगामार (वार्ड क्रमांक 1), करतला विकासखण्ड के ग्राम लबेद (वार्ड क्रमांक 4) एवं बरकोना (वार्ड क्रमांक 3), कटघोरा विकासखण्ड के ग्राम कसईपाली (वार्ड क्रमांक 10) तथा झाबर (वार्ड क्रमांक 01) में मतदान सम्पन्न हुआ।
सभी मतदान केंद्रों में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया का सफल संचालन सुनिश्चित किया। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत जिले में कुल 78.98 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष मतदान का प्रतिशत 78.21 एवं महिला मतदान का प्रतिशत 79.77 प्रतिशत रहा।

(Bureau Chief, Korba)




