KORBA : खनिज उड़नदस्ता दल की कार्रवाई-18 स्थानों पर दबिश, 7 वाहन जब्त

            कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के 18 विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर अवैध खनन गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान सीतामढ़ी, बरमपुर, छुराकछार, झोराघाट, कूचापारा, मौहरा, औराभाठा, डुडगा, चाकागुड़ा, कनबेरी, कुदुरमाल, गीतारी, चिचोली, कटबितला, भैंसामुड़ा, भिलाईखुर्द, सुहागपुर और भैसमा क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन की जांच की गई।

            कार्रवाई के दौरान रेत, गिट्टी, मिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें जमनीपाली, छुरीकला, औराभाटा, पहन्दा तथा अन्य क्षेत्रों में अवैध परिवहन करते पाए गए ट्रैक्टर शामिल हैं। जब्त वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई हेतु दर्री थाना, बाल्कोनगर थाना तथा खनिज जांच नाका रामपुर, कटघोरा एवं उरगा में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories