साल भर में 27 करोड़ से अधिक का लेनदेन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से ग्रामीणों को घर के पास मिल रही सुविधाएं
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 381 केंद्रों ने सुगम बनाया वित्तीय प्रवाह
रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में बैंकिंग सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई अटल डिजिटल सेवा केंद्र योजना रंग ला रही है। पिछले वर्ष अप्रैल में शुरू हुए इन केंद्रों ने न केवल बैंकिंग दूरियां खत्म की हैं, बल्कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्ड और प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी आसान बना दिया है।

बलौदाबाजार-भाटापारा में बड़ा आर्थिक बदलाव
जिले के 381 गांवों में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों ने एक वर्ष के भीतर 27 करोड़ 8 लाख रुपये का रिकॉर्ड ट्रांजेक्शन (लेनदेन) दर्ज किया है। विकासखंडवार प्रदर्शन इस प्रकार रहा बलौदाबाजार के 76 केंद्रों में 8 करोड़ 56 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। इसी प्रकार कसडोल के 92 केंद्रों में 5 करोड़ 62 लाख रुपये, पलारी के 63 केंद्रों में 5 करोड़ 10 लाख रुपये, भाटापारा के 69 केंद्रों में 4 करोड़ 94 लाख रुपये और सिमगा के 81 केंद्रों में 2 करोड़ 93 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ।
बुजुर्गों और किसानों को मिली बड़ी राहत
अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों ने बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुँचा दिया है। इन केंद्रों के माध्यम से मुख्य रूप से आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) का उपयोग किया जा रहा है। इससे वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि और मनरेगा की मजदूरी निकालने के लिए अब बुजुर्गों और किसानों को शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ ये केंद्र ग्रामीणों को डिजिटल साक्षरता के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं।
समय और धन की बचत
एक वर्ष में 27 करोड़ रुपये का सफल लेनदेन इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी का प्रवाह सुगम हुआ है। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है, बल्कि ग्रामीणों के बहुमूल्य समय और परिवहन पर होने वाले अनावश्यक खर्च की भी बड़ी बचत हो रही है।

(Bureau Chief, Korba)




