आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा अनुरूप शासन द्वारा दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कोंडागांव जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन कोण्डागांव एवं समाज कल्याण संचालनालय, रायपुर के निर्देशानुसार कोहनी के नीचे हाथ गंवा चुके चिन्हांकित 8 दिव्यांगजनों को रायपुर लाकर इनाली फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशेष शिविर में परीक्षण कराया गया।
परीक्षण उपरांत 4 दिव्यांग कु. रामवती (ग्राम खजरावण्ड, बड़ेराजपुर), राम नाग (ग्राम फुकागिरोला, जनपद कोंडागांव), मनीराम नाग (ग्राम पंचायत निलजी) एवं संतु (ग्राम पंचायत बड़ेकुरूसनार, विकासखंड कोंडागांव) को निःशुल्क बायोनिक कृत्रिम हाथ प्रदान किया गया। इस आधुनिक सहायक उपकरण की सहायता से हितग्राही दैनिक कार्य, छोटी वस्तुएं उठाने जैसे कार्य खुद कर सकेंगे। इससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना सुदृढ़ होगी।

(Bureau Chief, Korba)




