रायपुर : महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं का सहारा, बच्चों की पढ़ाई और स्वरोजगार से बदल रही जिंदगी

              रायपुर (BCC NEWS 24): राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही है। यह योजना उनके लिए आर्थिक संबल के साथ नई उम्मीद भी बनकर उभरी है। हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं अब घर की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने के साथ अपने बच्चों की पढ़ाई पर भी बेहतर ध्यान दे पा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की कई महिलाएं इस राशि का उपयोग छोटे-मोटे स्वरोजगार जैसे सिलाई-कढ़ाई, पशुपालन या अन्य घरेलू कार्यों में भी कर रही हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। मोहला – मानपुर – अंबागढ़ चौकी जिले की अनेक महिलाओं के जीवन में इस योजना ने आर्थिक सहारा देने के साथ-साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी दी हैं।  

              महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं का सहारा, बच्चों की पढ़ाई और स्वरोजगार से बदल रही जिंदगी

              ग्राम मोहला की श्रीमती पिंकी शाह महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का बेहतर उपयोग कर रही हैं। वे अपने पुत्र के नाम से हर माह पीपीएफ खाते में 500 रुपए जमा कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन भी खरीदी है। वर्तमान में वे सिलाई-कढ़ाई का कार्य कर अपनी आय बढ़ाने के साथ परिवार को आर्थिक सहयोग भी दे रही हैं। पिंकी शाह का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है और स्वरोजगार के लिए प्रेरित भी किया है।

              इसी तरह मोहला की श्रीमती रिद्धि यादव भी योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपनी पुत्री की पढ़ाई में कर रही हैं। उनकी बेटी 12 वीं कक्षा में अध्ययनरत है। वे इस राशि से उसकी पढ़ाई-लिखाई और ट्यूशन का खर्च वहन कर रही हैं, जिससे बेटी की शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी है। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से अब उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी अधिक चिंता नहीं करनी पड़ती। ग्राम मोहला की श्रीमती नसरीन भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। वे प्रतिमाह प्राप्त राशि में से 500 रुपए अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। इसके साथ ही वे बेटी की पढ़ाई और ट्यूशन पर भी इस राशि का उपयोग कर रही हैं। इस तरह शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए योजनाबद्ध तरीके से खर्च और बचत करने के लिए प्रेरित कर रही है। योजना के सकारात्मक प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई राह दिखाई दे रही है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories