चेन्नई/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी है। लोकभवन से गुरुवार शाम को इसका नोटिफिकेशन जारी हुआ। इसका मतलब है कि ममता कैबिनेट के किसी भी मंत्री के पास अब कोई पावर नहीं रहेगी। ममता ने बुधवार को कहा था कि वे सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगी।
इधर बंगाल में हावड़ा के पास शिवपुर में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। इससे पहले बुधवार रात को शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दूसरी तरफ तमिलनाडु में सरकार बनने को लेकर पेंच फंसा हुआ है। 108 सीटें हासिल करने वाली एक्टर विजय की पार्टी से राज्यपाल ने बहुतम के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा है। विजय की पार्टी के पास 113 विधायक हैं, जो बहुमत से 5 कम है।
तमिलनाडु में विजय को कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टियों और मुस्लिम लीग का समर्थन है। AIADMK ने अपने 28 विधायकों को पुडुचेरी शिफ्ट कर दिया है।
DMK और AIADMK के बीच गठबंधन की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एक-दूसरे की प्रतिद्वंदी DMK और AIADMK के बीच भी सरकार गठन को लेकर चर्चा चल रही है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों दलों के नेताओं के बीच बैकचैनल बातचीत चल रही है।
सूत्रों का कहना है कि एक प्रस्ताव पर चर्चा हुई है, जिसमें AIADMK सरकार बनाए और DMK बाहर से समर्थन दे। छोटे दलों का समर्थन भी इस फॉर्मूले का हिस्सा हो सकता है। हालांकि अभी तक कोई औपचारिक फैसला नहीं लिया गया है।

(Bureau Chief, Korba)




