अहमदाबाद: गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है। राज्य के 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के चुनाव की काउंटिंग सुबह 8 बजे से जारी है। इनमें 9992 सीटें हैं। भाजपा ने अब तक 7400 सीटें जीत ली हैं।
कांग्रेस को 1315 और अन्य को 592 सीटें मिली हैं। इस चुनाव में भाजपा का स्ट्राइक रेट 76% है। कांग्रेस दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसने 1716 सीटे जीती। वहीं, गोधरा के वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय महिला उम्मीदवार अपेक्षाबेन नैनेशभाई सोनी ने जीत हासिल की। इस सीट पर 100% वोटर मुस्लिम हैं।
चुनाव से जुड़े 5 अपडेट्स
- अहमदाबाद एलडीएस कॉलेज के काउंटिंग सेंटर के पास पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को थप्पड़ भी मारा।
- पीएम मोदी ने भाजपा की जीत के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
- भेसन सीट पर बीजेपी के पूर्व विधायक भूपतभाई भयानी की हार हुई, आम आदमी पार्टी के दिनेश रूपारेलिया ने 1700 वोटों से हराया।
- जामनगर नगर निगम वार्ड-12 में AAP के असलम खिलजी और कांग्रेस के अल्ताफ खफी जेल में रहते हुए चुनाव जीते। दोनों पर गुजरात अधिनियम के तहत केस दर्ज है।
- असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के 3 उम्मीदवारों को जीत मिली है। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा जडेजा राजकोट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव हार गई हैं।
भाजपा का सभी 15 नगर निगमों पर कब्जा
भाजपा ने राज्य के सभी 15 नगर निगमों में जीत दर्ज की। राजकोट, जामनगर, अहमदाबाद, भावनगर, सूरत और मोरबी में फिर कब्जा किया है। वहीं, 9 नए नगर निगमों – आणंद, गांधीधाम, मेहसाणा, मोरबी, नाडियाड, नवसारी, पोरबंदर-छाया, सुरेंद्रनगर-वधवाण और वापी में हुए पहले चुनाव में जीत दर्ज की है।
जश्न के 3 फोटो

सूरत के वार्ड-18 में काउंटिंग के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

अहमदाबाद एलडीएस कॉलेज के काउंटिंग सेंटर के पास पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को थप्पड़ भी मारा।
4 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने वोट किया
राज्य के 15 नगर निगम, 84 नगरपालिका, 34 जिला पंचायत और 260 तालुका पंचायत के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इनमें 4 करोड़ 18 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले थे। 15 नगर निगमों में 55.1% मतदान हुआ। नगरपालिकाओं में 65.53%, जिला पंचायतों में 66.64% और तालुका पंचायतों में 67.26% वोटिंग दर्ज की गई थी।
पिछले चुनाव में बीजेपी ने 8,470 में से 6,236 सीटें जीती थीं
2021 के स्थानीय चुनाव में BJP ने शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी नगरपालिकाओं की 8,470 सीट में से 6,236 सीट जीती थीं। BJP ने तब सभी छह नगर निगमों के अलावा 81 नगरपालिकाओं, 32 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों पर अपना दबदबा बनाए रखा था।
अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी AIMIM के 7 पार्षद चुने गए थे। आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की राजनीति में तीसरी ताकत के रूप में एंट्री की थी। सूरत नगर निगम में आप ने 120 में से 27 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था। AAP इस बार 5,000 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
2015 के चुनावों में भाजपा कुल 31 में से भाजपा केवल 8 जिला पंचायतों में ही जीत हासिल कर सकी थी। वहीं कांग्रेस ने 23 जिला पंचायतों में जीत दर्ज की थी।

(Bureau Chief, Korba)




